ओमाला गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाया गया जागरूकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ओमाला गांव में डायरिया रोेको अभियान के तहत जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें ग्रामीणों सहित आसपास के बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्हें डायरिया से बचाव के लिए साफ-सफाई रखने और पानी उबाल कर पीने की सलाह दी गई।
शिविर में आए लोगों को स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से निशुल्क ओआरएस के पैकेट व दवाइयां वितरित की गईं। इस दौरान बताया कि बरसात में पानी दूषित हो जाता है, जिस कारण डायरिया होने की काफी संभावना रहती है। उल्टी व दस्त होने से शरीर का पानी कम हो सकता है। इसलिए जितना हो सके ओआरएस का अधिक से अधिक सेवन करें।
उन्होंने कहा कि जितना हम लोग ओआरएस का सेवन करेंगे उतना ही ही डायरिया की चपेट में आने से बचेंगे। शिविर में आए लोगों को पानी को उबाल कर पीने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं टीम ने लोगों से अपने रिश्तेदारों व आसपास के लोगों को भी डाक्टरों द्वारा डायरिया से बचने के लिए बताई गई सावधानियां बरतने को कहा।