गढ़ी क्षेत्र से दो मामले मिलने के बाद हरकत में आई नगर परिषद, विशेष टीम गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर से लगते गढ़ी क्षेत्र में बाहरी राज्यों में रहने वाले दो लोगों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद नगर परिषद हरकत में आ गई है। इसके चलते शहर के सभी वार्डों में फॉगिंग अभियान तेज कर दिया है। साथ ही सफाई अभियान भी शुरू किया गया है।
बुधवार को शहर केे वार्ड तीन और चार में फॉगिंग की गई। नगर परिषद की ओर से शहर के सभी वार्डों में फॉगिंग की जाएगी, ताकि डेंगू मच्छर व लारवा को खत्म किया जा सके। साथ ही शहर के सभी वार्डों में सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। हालांकि, नगर परिषद की ओर से शुरू किए गए इस अभियान के चलते उन वार्डों को प्राथमिकता दी जाएगी जहां गत वर्ष सबसे ज्यादा डेंगू के मामले आए थे।
शहर की आदर्श कॉलोनी में सबसे अधिक मामले मिले थे और एक व्यक्ति की मौत भी हुई थी। उसी के चलते नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने वार्डों में सफाई अभियान शुरू कर दिया है और फॉगिंग भी की जा रही है। हर वार्ड में जाकर उगी झाड़ियाें को साफ करने के साथ ही कचरे के ढेरों को हटाया जाएगा। इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि किसी ब्लॉकिंग के कारण कहीं पर गंदा पानी न जमा हो सके।
टिकरी ब्लॉक में मिले थे सबसे ज्यादा डेंगू के मामले
पिछले साल डेंगू के सबसे ज्यादा मामले टिकरी ब्लॉक से आए थे। दो डेंगू के पॉजिटिव मामलों को देखते हुए ब्लॉक टिकरी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जा कर लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक कर रही हैं।
शहर के सभी वार्डों में की जाएगी फॉगिंग
डेंगू के दो मामले मिलने के बाद नगर परिषद की ओर से शहर के सभी वार्डों में फॉगिंग करने के साथ ही सफाई अभियान शुरू किया गया है। वार्ड 3 व 4 में बुधवार को फॉगिंग की गई। इसके लिए नगर परिषद की ओर से विशेष टीम का गठन किया गया है।
जून माह में भी नगर परिषद ने चलाया था सफाई अभियान
नगर परिषद ने जून माह में भी शहर के सभी वार्डों में सफाई अभियान चलाया गया था। इसके चलते शहर के सभी नाले और नालियों की सफाई करवाने के साथ ही वार्डों से कचरे के ढेरों को उठाया गया था। हालांकि, उस समय नगर परिषद का मकसद था कि डंपिंग स्टेशनों को कम करना था।
डेंगू के दो मामले मिलने के बाद नगर परिषद ने शहर में वार्ड 3 व 4 से फॉगिंग शुरू करवा दी गई है। सभी वार्डों में फॉगिंग के साथ ही सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। इसके लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।
विशाल सड़ोत्रा, सीईओ, नगर परिषद