संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुई बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली, तो वहीं कई इलाकों में रातभर बिजली गुल होने से परेशानियां भी आईं। खासकर फाॅरेस्ट आफिस क्षेत्र, लोअर शिव नगर, शीतला माता मंदिर गली और कल्लर में। लगभग 12 घंटे बिजली गुल रही।
मंगलवार सुबह बारिश रुकने के बाद बिजली कर्मियों ने सप्लाई बहाल करने का काम शुरू किया। सोमवार रात साढ़े दस बजे गुल हुई बिजली मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे तक बहाल कर दी गई। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
स्थानीय विनोद कुमार, अरुण शर्मा, छोटू ने कहा कि बारिश से मौसम तो सुहावना हो गया, लेकिन बिजली न होने से घर के भीतर बैठना मुश्किल हो रहा था। इस दौरान बीमार लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को ज्यादा दिक्कतें आईं। विभाग से आग्रह है कि बिजली ढांचे को मजबूत किया जाए, ताकि इस तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।