जगह का हो रहा चयन, बीआरओ के सहयोग से नप तैयार करेगी रोड मैप
धार रोड पर बढ़ेगी रौनक, शहर में लगने वाले जाम से मिलेगी निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के धार रोड पर स्थित कल्लर क्षेत्र में जम्मू के गांधी नगर की तर्ज पर स्ट्रीट फूड मार्केट बनाई जाएगी। इसके लिए बीआरओ के सहयोग से नगर परिषद रोड मैप तैयार करने जा रही है। डीसी के आदेश पर बीआरओ व नगर परिषद कल्लर क्षेत्र में जगह का चयन कर रहे है। यहां स्ट्रीट फूड मार्केट बनने के साथ ही धार रोड पर सौंदर्यीकरण पर भी काम होगा, जोकि लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
मौजूदा समय में शहर में जगह-जगह लगी खाने-पीने की रेहड़ियों और स्टाल से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। कल्लर में स्ट्रीट फूड मार्केट बनने से लोगों को शहर में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
लाइसेंसी विक्रेताओं को दी जाएगी प्राथमिकता
कल्लर में बनने वाली स्ट्रीट फूड मार्केट में लाइसेंसी विक्रेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे शहर में विभिन्न जगहों पर लगे अलग अलग खाने-पीने के स्टाल व रेहड़िया एक जगह पर होने से लोगों को भी परेशानी नहीं होगी। इतना ही नही इस मार्केट में सौंदर्यीकरण के साथ व्यवस्थित ढंग से स्ट्रीट फूड कार्नर बनाए जाएंगे। जिस तरह से शहर के मुख्य बाजारों में जगह-जगह फूड प्वाइंट बनाए गए हैं। उसके चलते आए दिन बाजारों में पार्किंग व्यवस्था सही ढंग से न होने के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे बाजारों में खरीदारी करने के लिए आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ अन्य दुकानदारों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कल्लर में स्ट्रीट फूड मार्केट बनने से काफी हद तक लोगों के साथ-साथ दुकानदारों को भी राहत मिलेगी।
कल्लर क्षेत्र में स्ट्रीट फूड मार्केट बनाए जाने की परियोजना पर काम जारी है। अभी तक जगह का चयन नहीं हो पाया है। जगह न मिल पाने के कारण परियोजना में देरी हो रही है। जगह के लिए राजस्व विभाग को भी लिखा है कि नगर परिषद के अधीन ही जगह दी जाए।
-विशाल सडोत्रा, सीईओ, नगर परिषद