उधमपुर। स्थायी करने व न्यूनतम मजदूरी अधिनियम को लागू करने इत्यादि की अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को एक बार फिर से नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर काम छोड़ हड़ताल को जारी रखने का एलान किया है।
उन्होंने कहा है कि जब तक सरकार मांगों को पूरा नहीं करती है, तब तक वे हड़ताल को जारी रखेंगे। वहीं प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे सफाई कर्मचारी यूनियन के चेयरमैन डेविड संधू ने कहा कि सरकार के दिए काम छोड़ हड़ताल के अल्टीमेटम के बावजूद उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया है।
शनिवार को अल्टीमेटम खत्म होने के बाद से वे काम छोड़ हड़ताल पर हैं और डायरेक्टर लोकल बाडीज के साथ बातचीत चल रही थी। लेकिन इस बातचीत का भी कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला है। इसलिए हमारी यह हड़ताल अब लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा रूट पर जहां जहां जरूरत होगी हम सफाई करेंगे लेकिन शहर के भीतर सफाई बिल्कुल भी नहीं करेंगे।