ब्लॉक घोरड़ी की आठ पंचायतों के लोगों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। ब्लॉक घोरड़ी में बिजली विभाग की ओर से नाला कौड़ा में 4.50 करोड़ रुपये की लागत से पावर रिसीविंग स्टेशन बनाया जाएगा। इसके बनने से आठ पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा।
मौजूदा समय में ब्लॉक घोरड़ी की आठ पंचायतों के लोगों को त्रेंथा व जंद्रोड़ से बिजली की आपूर्ति होती है। लोगों को आए दिन बिजली की अघोषित कटौती का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि, त्रेंथा व जंद्रोड में अगर कोई फाल्ट आता है तो घोरड़ी ए, बी, सेरमंजला, नाला कौड़ा सहित अन्य पंचायतों में बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। इतना ही नहीं कई बार तो रात में गुल हुई बिजली दूसरे दिन शाम को आती है। हालांकि, लोगों की पावर रिसीविंग स्टेशन की पुरानी मांग थी। स्टेशन का काम बहुत पहले शुरू होना था, लेकिन आचार संहिता के चलते काम शुरू नहीं हो पाया था। लेकिन, अब काम जल्द ही शुरू हो जाएगा।
इस संदर्भ में डीडीसी सदस्य घोरड़ी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि नाला कौड़ा में रिसीविंग स्टेशन बनने से क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। मौजूदा समय में लोगों को आए दिन बिजली की समस्या से जूझना पड़ रहा है। लेकिन, इस स्टेशन के बनने से क्षेत्र के लोगों को अघोषित कटों से निजात मिलेगी।