डोडा, रामबन और बनिहाल सीट...आम आदमी पार्टी के मेहराज दीन पर छह तो पीडीपी के इम्तियाज अहमद पर एक केस
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। डोडा, रामबन और बनिहाल सीट से उतरे पीडीपी, कांग्रेस के उम्मीदवार करोड़पति हैं। नेकां के उम्मीदवार लखपति तो आप के उम्मीदवार संपत्ति और पैसे में सबसे निचले पायदान पर हैं। केस के मामले में आप के उम्मीदवार छह केसों के साथ सबसे ऊपर हैं जबकि पीडीपी के भी एक उम्मीदवार के खिलाफ पर्चा दर्ज है।
डोडा विधानसभा क्षेत्र से नेकां की टिकट पर अहमद मनन बांडेय ने अपने नामांकन में बताया कि वह 12वीं पास हैं। उन्होंने 20 हजार रुपये नकदी और पत्नी के पास 10,000 रुपये, चल संपत्ति में 41,152 रुपये और पत्नी के पास 7,24,679 रुपये, मौजूदा समय में 75 लाख रुपये की कीमत की 16.75 मरला कृषि भूमि के साथ कुल 85 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। कांग्रेस की टिकट से रामबन सीट के लिए नामांकन भरने वाले रियाज अहम 10वीं पास हैं। उनके पास 1,75,53,950 रुपये की अचल संपत्ति है। पत्नी के नाम पर 26 लाख 90 हजार की संपत्ति है।
डोडा से डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) से चुनाव मैदान में उतरे अब्दुल मजीद वानी दो बार विधायक रह चुके हैं। वह एक करोड़ रुपये से ज्यादा की चल संपति के मालिक हैं। पत्नी के पास 20 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति है। 66.14 कनाल कृषि भूमि है। 3.50 करोड़ रुपये कीमत की 4.1 कनाल गैर कृषि भूमि है। कुल मिलाकर वानी 7.40 करोड़ रुपये की अचल संपति के मालिक हैं। 10वीं पास अब्दुल मजीद की सालाना आमदनी 9,63,230 रुपये है।
सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली की खिलाफत करने को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहे महराज द्दीन ने आम आदमी पार्टी से नामांकन भरा है। चल संपत्ति के रूप में उनके बैंक खाते में 29,070 रुपये हैं। उनके खिलाफ छह मामले दर्ज हैं। इनमें सरकारी कार्यालय में ताला जड़ना, सरकारी दफ्तरों में प्रदर्शन जैसे मामले शामिल हैं। महराज दीन 2012 में जम्मू विश्वविद्यालय से एमए पास हैं।
बनिहाल से पीडीपी की टिकट पर नामांकन पत्र दाखिल करने वाले इम्तियाज अहमद शान करोड़ों की संपति के मालिक है। उन पर गूल पुलिस थाने में 2008 में महिला से मारपीट, दंगे, धमकी देने के आरोप में एफआईआर नं. 89 दर्ज है। निर्वाचन आयोग को जमा कराए संपत्ति दस्तोवज में शान ने अपनी कुल संपत्ति 7 करोड़ 76 लाख 15 हजार 22 रुपये बताई है। पत्ली के पास 9 लाख 9 हजार 767 रुपये की संपत्ति है। शान के पास 1.95 करोड़ रुपये की कृषि भूमि है। पत्नी के पास 6 करोड़ रुपये कीमत की 12 कनाल कृषि भूमि है। 75 लाख रुपये की कामर्शियल संपत्ति है। पत्नी के नाम पर गूल में होटल जिसकी कीमत 4.50 करोड़ रुपये है। पत्नी के पास 94 लाख 50 हजार के जेवरात भी हैं।