स्वास्थ्य विभाग की ओर से गर्ल्स हाई स्कूल दिहाड़ी में जागरूकता शिविर आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग के डायरिया रोको अभियान के तहत रामनगर में सरकारी गर्ल्स हाई स्कूल दिहाड़ी में जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें टीम ने ओआरएस के पैकेट व दवाइयां वितरित कीं। साथ ही डायरिया से बचने के प्रति भी जागरूक किया गया।
शिविर में स्कूली बच्चों के अलावा आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने बच्चों को डायरिया से बचाव के बारे में जागरूक किया। टीम ने बच्चों को ओआरएस का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करने के लिए कहा, ताकि डायरिया की चपेट में आने से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि अगस्त से लेकर सितंबर तक डायरिया की शिकायत रहती है। क्योंकि, इन दिनों जिस तरह से आए दिन बारिश हो रही है उसके चलते हमें बावलियों व अन्य प्राकृतिक स्रोतों का पानी दूषित हो जाता है।
इसलिए लोग जितना हो सके पानी उबाल कर ही पीएं। उन्होंने शिविर में आए सभी लोगों को अधिक से अधिक मात्रा मे ओआरएस का सेवन करने के लिए कहा। शिविर के दौरान स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं व स्टाफ के अलावा आए अन्य लोगों में विभाग की ओर से निशुल्क ओआरएस के पैकेट व दवाइयां वितरित की गईं।