संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले से पूरी तरह से कट चुके मोंगरी-लाटी जैसे दूरदराज एवं दुर्गम इलाकों में आवश्यक वस्तुओं को हेलिकॉप्टर से पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। यह जानकारी केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को दी।
हाल ही में उन्होंने जिला आयुक्त सलोनी राय के साथ जमीनी हालात पर चर्चा की जिसमें प्राकृतिक आपदाओं से हुए व्यापक नुकसान का आकलन किया गया। अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर डॉ. सिंह ने लाटी सहित कई परिधीय क्षेत्रों का पूरी तरह से अलग-थलग होने पर चिंता व्यक्त की। कहीं सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं या पूरी तरह से बह गई हैं, जिससे वाहनों से वहां पहुंचना असंभव हो गया है।
इस गंभीर समस्या को दूर करने और मानवीय संकट को रोकने के लिए मंत्री ने घोषणा की कि विशेष व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। मोंगरी जैसे क्षेत्रों में फंसे लोगों तक आवश्यक वस्तुओं को हेलिकॉप्टर से पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है जो मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा।
इसके अतिरिक्त मंत्री ने विस्थापन के गंभीर मुद्दे पर भी बात की और पुष्टि की कि जिन परिवारों ने अपना घर पूरी तरह खो दिया है उनके लिए जिला प्रशासन उपयुक्त वैकल्पिक आवास और पुनर्वास विकल्पों की पहचान और खोज कर रहा है।