लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने दौरा कर स्थिति का लिया जायजा, दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन सुरेश भारती शर्मा और एईई आतिश भारद्वाज ने टीम सहित वीरवार को चिनैनी-सुधमहादेव सड़क का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वाहन वॉशिंग स्टेशन संचालकों को पानी सड़कों पर नहीं बहाने के लिए कहा। आगे ऐसा होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कुछ दिन पहले स्थानीय लोगों ने सड़क की खस्ता हालत को सुधारने की मांग उठाई थी। इसी कड़ी में टीम ने वीरवार को दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान पाया गया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं और नालियां भी बंद हैं।
इस दौरान उन्होंने देखा कि कुछ वाशिंग स्टेशनों पर वाहनों की धुलाई के समय पानी सड़कों पर बह रहा था। इस पर अधिकारियों ने स्टेशन मालिकों को चेतावनी दी है कि पानी सड़कों पर न बहाएं।
यदि आगे से ऐसा होगा तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने टीम को बंद नालियों को जल्द खोलने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर एक स्कूल के प्रिंसिपल ने अधिकारियों से स्कूल के निकट स्पीड ब्रेकर बनाने की भी मांग उठाई।