डॉक्टरों के दो में से एक पद रिक्त, उसकी भी लगा दी जाती है ड्यूटी
महिला रोग विशेषज्ञ व एंबुलेंस सुविधा की भी है दरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। ब्लॉक के अंतर्गत मादा की न्यू टाइप पीएचसी में स्टाफ की कमी है, जिस कारण क्षेत्रवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और विभाग से जल्द कदम उठाने की अपील की है।
पूर्व पंच पुष्पा देवी, राजेश जम्वाल और बंसीलाल ने बताया कि नई टाइप पीएचसी मादा में स्टाफ की समस्या पहले से ही है। इसमें डॉक्टर के दो पद सृजित हैं, जिनमें से एक रिक्त है। लेकिन, मौजूदा एक डॉक्टर की ड्यूटी कई बार डॉक्टर की चिनैनी सीएचसी में लगा दी जाती है। इससे ग्रामीणों के लिए समस्याएं बढ़ जाती हैं।
उन्होंने बताया कि अब सर्दी का मौसम शुरू होने वाला है। अगले कुछ माह में इस स्थल पर भारी बर्फबारी होती है। ऐसे में इस न्यू टाइप पीएचसी में डॉक्टरों सहित स्टाफ की समस्या को दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस न्यू टाइप पीएचसी में एंबुलेंस सुविधा आजतक नहीं मिली है। महिला विशेषज्ञ की भी केंद्र में आवश्यकता है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी है। इस कारण 10 दिन में एक बार अलग-अलग जगह से डॉक्टर की ड्यूटी लगाई जाती है। न्यू टाइप पीएचसी में स्टाफ की कमी को लेकर उच्च अधिकारियों को लिखा गया है। जल्द ही समस्या के समाधान की संभावना है।
-डॉक्टर सैयद अशरफ बुखारी, बीएमओ, चिनैनी