उधमपुर। शहर के वार्ड नंबर पांच में आते भारत नगर की मुख्य सड़क की खस्ता हालत से परेशान लोगों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की तरफ से बनाई गई यह सड़क जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बड़ेे-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। उन्होंने मांग की कि सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे मुकेश भारद्वाज ने कहा कि सड़क की जर्जर हालत के कारण वह शहर का हिस्सा होने के बावजूद भी ग्रामीण इलाकों से भी अधिक परेशानी में हैं। पूरी सड़क पर पानी जमा होने के साथ ही कीचड़ और फिसलन हो गई है। इससे दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहें हैं और पैदल राहगीरों के लिए आवाजाही कठिन हो गई है। खासकर स्कूली बच्चों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हमारी यही मांग है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर राहत दिलाई जाए अन्यथा वे उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।