डीसी ने बैठक कर विभिन्न मुद्दोंं पर की चर्चा, लोगों से बात कर बनाई रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। तीन दिवसीय ऐतिहासिक देविका बैसाखी मेले की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसी कड़ी में वीरवार को डीसी सलोनी राय की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें उन्होंने अधिकारियों को मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से बात कर आगामी रणनीति भी बनाई गई।
डीसी कार्यालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई बैठक में सुरक्षा संबंधी प्रबंधों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वहीं, पेयजल, बिजली की आपूर्ति, सफाई व चिकित्सा सहित अन्य मुद्दों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि एक्सईएन पीएचई पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी नगर पालिका को स्थल की समुचित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। सीएमओ को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मेला दिवस के दौरान एम्बुलेंस के साथ डॉक्टरों की एक टीम तैनात करने को कहा गया। कार्यकारी अभियंता पीडीडी को मेले के दिनों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को मेला स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नियंत्रण कक्ष की स्थापना, मेडिकल टीमों की तैनाती, मजिस्ट्रेटों की तैनाती और अग्निशमन वाहनों की तैनाती से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। बैठक में जिसमें एसएसपी जोगिंदर सिंह, एडीसी जोगिंदर सिंह जसरोटिया, सहायक आयुक्त राजस्व डॉ. उमेश शान, एएसपी बलजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।