शात सात बजे तक 24 हजार भक्त भवन की ओर रवाना
दिनभर धर्मनगरी से त्रिकुटा भवन तक गूंजते रहे जयकारे
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। धर्मनगरी में दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद भक्तों में यात्रा के प्रति खासा उत्साह दिखाई दिया। दिनभर धर्मनगरी से यात्रा मार्ग और भवन मां वैष्णो के जयकारों से गूंजता रहा है। शाम सात बजे तक करीब 24 हजार भक्त पंजीकरण के बाद भवन की ओर रवाना हो चुके थे। वहीं, हेलीकॉप्टर सहित बैटरी कार और रोपवे सुविधा जारी रही, जिसका भक्तों ने लाभ उठाया है।
वीरवार को सूर्य देव और बादलों के बीच लकाछुपी का खेल जारी रहा। तापमान सामान्य रहने से मौसम दिनभर सुहावना बना रहा। भक्त दिनभर भवन की ओर मां के जयकारे लगाते हुए जाते रहे। करीब नौ मांह से सर्कुलर मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के बाद श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बसें एक किलोमीटर पहले ही उतार रही हैं। इस कारण श्रद्धालु गलियों से होते हुए मुख्य बस स्टैंत तक सफर करने के लिए मजबूर हैं। अब सर्कुलर रोड तैयार हो चुका है, जल्द ही इसे आवाजाही के लिए खोलने की संभावना है।
दिनभर आसमान पर बादल छाने के बावजूद हेलीकॉप्टर सुविधा सुचारू रही। मौसम समान्य रहने के कारण भक्त घोड़ा, पालकी व पैदल भवन की ओर प्रस्थान करते रहे। बुधवार रात को हल्की बारिश होने से तापमान में कुछ गिरावट आई थी। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को 28500 भक्तों ने मां की प्राकृतिक पिंडियों के दर्शन किए थे। वहीं, वीरवार को शाम सात बजे तक 24521 भक्त भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।