डीसी ने बैठक कर तैयारियों को दिया अंतिम रूप, अधिकारियों को दिए दिशानिर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। डीसी सलोनी राय की अध्यक्षता में रविवार को एक बैठक हुई। इसमें जिला मुख्यालय उधमपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को दिशानिर्देश जारी किए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्य समारोह गवर्नमेंट बॉयज पीजी डिग्री कॉलेज के मैदान में होगा। यहां पर मुख्य अतिथि तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। समारोह की शुरुआत सुबह सूचना विभाग की ओर से शहनाई वादन से होगी।
डीसी ने जलशक्ति, पीडीडी और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं को समारोह स्थल पर बैठने, बैरिकेडिंग और पेयजल व्यवस्था के अलावा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद को शहर के साथ-साथ समारोह स्थल पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में समारोह स्थल पर बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, यातायात नियमन, पेयजल और बिजली आपूर्ति, सफाई, प्राथमिक चिकित्सा, पीएएस और दमकल गाड़ियों आदि सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सम्बंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए गए। इस बैठक में एसएसपी जोगिंदर सिंह, आईएएस प्रोबेशनर स्वाति शीमर, एडीडीसी राजेंद्र सिंह, एडीसी जोगेंद्र सिंह जसरोटिया, पीओ पोषण सुभाष डोगरा, एसीआर डॉ. उमेश शान, सीपीओ मोहम्मद इकबाल, एसीडी डॉ. रणजीत सिंह कोतवाल आदि अधिकारी मौजूद रहे।
जनता के लिए बसों की व्यवस्था करने के निर्देश
जनता के लिए परिवहन व्यवस्था पर चर्चा करते हुए डीसी ने एआरटीओ को पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह में बड़ी संख्या में लोग आ सकें। प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि समारोह के अंत तक डॉक्टरों की एक टीम और आवश्यक दवाओं के साथ एक एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को कार्यक्रम और सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति द्वारा अंतिम रूप दिए जाएंगे।
राष्ट्रीय समारोह के सफल आयोजन के लिए समितियां गठित
डीआईओ को स्थानीय केबल ऑपरेटरों के साथ इन कार्यक्रमों के लाइव प्रसारण के विकल्प तलाशने के लिए कहा, ताकि लोग अपने घरों में इन कार्यक्रमों का आनंद ले सकें। राष्ट्रीय समारोह के सफल आयोजन के लिए स्वागत समिति, रोशनी समिति आदि विभिन्न समितियों का भी गठन किया गया। डीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से समारोह को देशभक्ति की भावना से मनाने, विभिन्न एजेंसियों के बीच घनिष्ठ संबंध और समन्वय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से समारोह के दिन कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहने का आह्वान किया।