उधमपुर। जिले में कोरोना का कहर जारी है। शनिवार को संक्रमण के 150 नए मामले आए सामने हैं, जबकि 169 लोग महामारी को मात देने में कामयाब रहे हैं। मौजूदा समय में उधमपुर जिले में 1622 सक्रिय मामले हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर रोज कोरोना संक्रमण डेढ़ सौ अधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमण का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। जितनी अधिक टेस्टिंग की जा रही है उतने ही नए मामले निकल कर सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार को भी जिला में कुल 150 नए मामले पाए गए हैं।
इनमें से ब्लॉक टिकरी में 33, चिनैनी में 35, रामनगर में 10, पंचैरी में आठ, बसतंगढ़ में 15, मजालता में छह, उधमपुर शहर में 18 मामले सामने आए हैं। वहीं, बेल्ट फोर्स के 25 लोग संक्रमित मिले हैं। 169 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं, जिससे स्वास्थय विभाग को कुछ राहत मिली है। जिले में कोरोना संक्रमण के अब कुल मामले 9986 हो गए हैं। इनमें से 8254 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब हो चुके हैं। 110 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में 1622 सक्रिय मामले अभी शेष हैं।