कटड़ा। श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के खेल मैदान में जारी कटड़ा प्रीमियर लीग (केपीएल) टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को दो मुकाबले खेले गए। इनमें यूनाइटेड क्रिकेट क्लब (यूसीसी) और जेकेपी इलेवन ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। शाहिद और खलिद मैन ऑफ द मैच चुने गए हैं।
प्रतियोगिता में रविवार सुबह मयंक क्रिकेट क्लब (एमसीसी) जम्मू और यूनाइटेड क्रिकेट क्लब (यूसीसी) जम्मू की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। यूसीसी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर विशाल 218 रन बनाए। इसमें बल्लेबाज शाहिद ने 42 गेंद में 109 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इसमें उन्होंने छह चौके और और आठ छक्के लगाए हैं। वही, बल्लेबाज वेद प्रकाश ने पांच गेंद में 23 और हबीब ने भी 36 गेंद में 48 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमसीसी की टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर 117 रन ही बना सकी। इसमें बल्लेबाज अनीश ने सर्वाधित 31 और आकृत-जनप्रीत ने क्रमश: 10-10 रन का बनाए। यूसीसी ने 101 रन से मैच अपने नाम कर अगले दौर में प्रवेश किया। यूसीसी के गेंदबाज सत और अब्दुल ने दो-दो विकेट हासिल किए। बेहतरीन पारी के लिए बल्लेबाज शाहिद को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दोपहर को दूसरा मुकाबला केसीसी विजयपुर और जेकेपी इलेवन के बीच हुआ। इसमें केसीसी ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 122 रन बनाए और जीत के लिए 123 रन को लक्ष्य दिया। जेकेपी इलेवन ने 15 ओवर में ही तीन विकेट पर 128 रन बना कर सात विकेट से मैच जीत लिया। जेकेपी इलेवन के खालिद ने 18 गेंद में 38 रन बनाए। इसके साथ ही चार कैच पकडे़ और एक रन आउट किया, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।