निलंबन अवधि के दौरान दोनों को यूपीएस बाग में तैनात रहना होगा
बिना अनुमति स्टेशन नहीं छोड़ सकेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
डोडा। स्कूल में गैरहाजिर रहने के बावजूद पोर्टल पर उपस्थिति दिखाने के आरोप में दो शिक्षकों को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। संदीप सिंह (जीएलटी) और मलिका (शिक्षक ग्रेड II) पर 20 जून 2025 को ठाठरी स्कूल में अनुपस्थित रहने के बावजूद जेकेएसईडी पोर्टल पर गलत उपस्थिति दर्ज करने का आरोप है।
कार्रवाई तब हुई जब एक टेलीफोनिक शिकायत में खुलासा हुआ कि चार तैनात शिक्षकों में से केवल दलजीत सिंह स्कूल में मौजूद थे। हैरत की बात यह कि पोर्टल पर तीन शिक्षकों को उपस्थित और एक को छुट्टी पर दिखाया गया था।
जांच में एकमात्र उपस्थित शिक्षक दलजीत सिंह ने पुष्टि की कि उस दिन कोई अन्य शिक्षक स्कूल नहीं आया। सबूत के तौर पर उन्होंने आगमन/प्रस्थान रजिस्टर की तस्वीर साझा की, जिससे साफ हुआ कि अन्य शिक्षक अनुपस्थित थे। गंभीर बात यह है कि स्कूल परिसर से बाहर रहकर ही उपस्थिति दर्ज की जा रही थी।
इस घोर लापरवाही और उपस्थिति रिकॉर्ड में जालसाजी के आरोप में दोनों शिक्षकों को जम्मू-कश्मीर सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियम, 1956 की धारा 31(1) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।