संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच दो और आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया गया है। इन ट्रेनों के शुरू होने से त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा आने वाले श्रद्धालुओं को भी अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन (04085) 10 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और अगले दिन 11 अक्तूबर की सुबह तीन बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन (04086) 11 अक्तूबर को सुबह 10 बजे कटड़ा से चलेगी और उसी दिन रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
वहीं ट्रेन (04485) 11 अक्तूबर को दोपहर 2 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और 12 अक्तूबर की सुबह 3 बजे कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन (04486) 12 अक्तूबर को सुबह 10 बजे कटड़ा से रवाना होकर उसी रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
दोनों स्पेशल ट्रेनों का रास्ते में सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, कठुआ, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। इससे जम्मू क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने के लिए अतिरिक्त सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यात्री सुविधा रेलवे की प्राथमिकता है और त्योहारों के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि नई स्पेशल ट्रेनों के अलावा भीड़ वाले मार्गों पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था जारी रहेगी।