जम्मू-डोडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को दो अलग-अलग जगह पर दो कारों के खाई में गिरने से दो व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
डोडा जिला अंतर्गत मालहौरी के पेट्रोल पंप के पास रविवार को एक मारुति कार के करीब ढाई सौ गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मारुति 800 कार (जेके02डब्ल्यू-7165) में सवार होकर कालहौरी निवासी पवन कुमार पुत्र नसीब सिंह और कुलदीप कुमार पुत्र जनक सिंह कहीं जा रहे थे।
जब कार जम्मू-डोडा राष्ट्रीय मार्ग पर जिला मुख्यालय से करीब चौदह किलोमीटर दूर पहुंची तो चालक का कार पर संतुलन नहीं रह सका और बेकाबू कार सीधे करीब 250 फीट गहरी खाई में जा लुढ़की।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके की तरफ भागे और बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान पवन कुमार की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि कुलदीप की हालत काफी नाजुक बनी हुई थी।
उसे लोगों ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां कुछ ही देर में उसने भी दम तोड़ दिया। दूसरी तरफ दुर्घटनाग्रस्त कार के परखच्चे उड़ चुके थे। एक अन्य हादसे में डोडा-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर अस्सर में भी एक आल्टो कार (जेके17-3633) के खाई में गिरने से उसमें सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
नग्गर धनोआ के पास हुए हादसे में घायल सनाउल्ला वाणी निवासी माड़वा को अस्सर के प्राइमरी हेल्थ सेंटर में भर्ती करवाया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर है।