रामबन और कटड़ा में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में रविवार को दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल भी हो गई। कटड़ा में घायल हुए युवक को जम्मू रेफर किया गया।
रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजामर्ग पर रविवार की सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहा एक ऑयल टैंकर (जेके0एयू-3805) रामबन के मारोग इलाके में चालक से अनियंत्रित होकर करीब छह सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी।
रविवार की सुबह हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही रामबन से क्विक रिएक्शन टीम के सदस्य और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। सभी ने खाई में तलाशी अभियान शुरू किया। करीब चार घंटे के प्रयास के बाद खाई से मात्र एक शव मिला। उसे उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर उसकी पहचान बाईपास जम्मू निवासी शतपाल के रूप में की गई।
वहीं दूसरी घटना हाईवे पर ही बैटरी चश्मा के पास घटी। यहां पर एक महिंद्र पिकअप (जेके14सी-0388) चालक से अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में वाहन का चालक मो. सलीम निवासी पीड़ा रामबन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आसपास के लोगों ने उठाकर जिला अस्पताल रामबन में भर्ती करवाया। दोनों मामलों में जिला पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा धर्मनगरी कटड़ा से छह किलोमीटर दूर नौ देवियों के पास आटो और मोटरसाइकिल की टक्कर में रविवार की शाम को एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद यहां से जीएमसी रेफर कर दिया गया।
शाम के समय नौ देवियों के पास मोड़ पर कटड़ा से जा रही बिना नंबर की मोटरसाइकिल और भागा कोटली से कटड़ा आ रहे आटो (जेके20-6678) में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक चला रहा पवन कुमार (19) निवासी कोटली भागा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि पीछे सवार वीरू (32) निवासी सीरला कोटली गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कटड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखकर डॉक्टरों ने उसे जीएमसी जम्मू रेेफर कर दिया। पुलिस ने आटो के चालक को गिरफ्तार कर लिया है।