पशु तस्करी पर नकेल कसते हुए पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग जगहों पर कुल सोलह पशुओं को मुक्त करवाया।
पहले मामले में चंद्रकोट थाना प्रभारी की अगुवाई में गठित पुलिस टीम कुनफर के समीप वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान टाटा मोबाइल (जेके02बीई-4542) को रोका गया। जांच करने पर पता चला कि उसमें पांच दुधारू पशु लादे गए थे। उन्हें बुरी तरह से बांध कर घाटी की ओर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने तुरंत चालक शबीर अहमद निवासी खानपुर नगरोटा को गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरी घटना में थाना प्रभारी बनिहाल की अगुवाई में पुलिस दल ने बनिहाल रेलवे क्रासिंग के पास राजमार्ग पर नाके के दौरान ट्रक (जेके02एजे-4311) को रोक कर तलाशी ली।
इस दौरान ट्रक से ग्यारह पशुओं को जब्त किया गया। सभी को घाटी ले जाया जा रहा था। पुलिस ने चालक तरसेम लाल निवासी ज्यौड़ियां जम्मू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।