उधमपुर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही को सुचारु रूप से चलाने के लिए पुलिस ने तीसरे दिन भी उधमपुर से घाटी की तरफ ट्रकों को रवाना नहीं किया है। उधमपुर में जगह-जगह ट्रकों की कतारें लगी हैं और सुविधाएं नहीं मिलने से चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सामान के खराब होने का भय भी सताने लगा है। इसके साथ ही मौसम फिर खराब होने लगा है।
शुक्रवार को रामबन व उधमपुर में मरम्मत के कार्य के चलते राजमार्ग को बंद किया गया था। शुक्रवार सुबह ही घाटी जाने वाले ट्रकों के जखैनी से आगे बढ़ने प्रतिबंध लगा दिया गया था। समरोली में पस्सी गिरने के कारण शनिवार को भी दोपहर तक राजमार्ग बंद रहा था। दोपहर बाद राजमार्ग के खुलने पर पुलिस ने बीच में फंसे यात्री वाहनों को घाटी और जम्मू की तरफ जाने की अनुमति दे दी थी। रविवार को पुलिस ने राजमार्ग पर केवल छोटे वाहनों को ही चलने की अनुमति दी। उधमपुर के जखैनी, रठियान, बट्टलबालियां, गरनई व अन्य कई इलाकों पर रोके गए ट्रकों के चालक आगे जाने की अनुमति मिलने का इंतजार करते रहे, लेकिन पुलिस ने किसी को भी घाटी की तरफ जाने नहीं दिया। शाम को बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी शुरू होने के बाद ट्रक चालकों की परेशानी बढ़ गई है।
चालकों का कहना है कि मौसम विभाग अनुसार तीन दिन मौसम के खराब रहने की संभावना है। अगर तेज बारिश होने पर राजमार्ग बंद हो जाता है तो फिर उनको आगे जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। इसके बाद उनकी परेशानी दुगनी हो जाएगी। जिन स्थानों पर उनको रोका गया है, वहां पर किसी तरह की सुविधाएं नहीं मिली है। पानी के लिए भी तरसना पड़ रहा है। उनकी मांग है कि सोमवार सुबह पुलिस आगे जाने की अनुमति देकर राहत प्रदान करे।