चिनैनी। श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान हाईवे से जत्था गुजरने के दौरान दोमेल के पास वाहनों को रोक दिया जाता है। ऐसे में पटनीटॉप जाने वाले वाहन या फिर चिनैनी आने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें काफी देर तक मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ता है।
स्थानीय निवासी नीरज कुमार, अक्षय कुमार, राजेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को भी दोपहर के समय चिनैनी दोमेल के पास वाहनों को रोक दिया गया लेकिन इस दौरान पटनीटॉप जाने वाले वाहन और या चिनैनी आने वाले वाहनों को दोमेल के पास परेशान होना पड़ा, क्योंकि दोमेल के पास वाहन रोकने के कारण वहां पर बेतरतीब तरीके से वहां लग जाते हैं जिससे मार्ग पूरी तरह से बंद हो जाता है।
शुक्रवार की दोपहर के समय केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों को छुट्टी के दौरान परेशान होना पड़ा और उन्हें भी देर तक मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा। मार्ग खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और मंजिल की ओर आगे बढ़े। लोगों ने प्रशासन से मांग उठाई है कि दोमेल में वाहनों को रोकने के दौरान उन्हें सही तरीके से पार्क करवाया जाए ताकि मार्ग से गुजरने वाले दूसरे वाहनों को जाम की समस्या से परेशान ना होना पड़े, और वह आसानी से आ जा सके।