जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में गिरी बर्फ सैलानियों को काफी आकर्षित कर रही है। इसे देखने के लिए रोजाना सैकड़ों सैलानी नत्थाटाप की हसीन वादियों में पहुंच रहे हैं।
करीब आधा फुट तक बर्फ अभी भी नत्थाटाप में जमी है, जिस पर सैलानी मौज मस्ती कर रहे हैं।
नत्थाटाप पहुंचे दिल्ली के राजेश चंद, बिहार के अतुल सिंह, पंजाब के राकेश कुमार ने कहा कि जम्मू में पहुंचते ही उन्हें जानकारी मिली कि नत्थाटाप में बर्फ गिरी है, जिसका लुत्फ लेने के लिए वह वाहनों के जरिए आ गए।
दो दिन के टूर प्लान के साथ पहुंचे इन सैलानियों ने बुधवार सुबह से शाम तक नत्थाटाप में ही समय गुजारा। सूर्य देव की तपिश के चलते भी सैलानी खुश रहे। उन्होंने हिममानव बनाए और बर्फ के गोले बनाकर एक दूसरे पर फेंके। स्लेज के जरिये भी उन्होंने बर्फ पर सैर की।
कारोबारियों का कहना है कि नत्थाटाप में गिरी बर्फ हर किसी को अपनी ओर खींच रही है। पिछले कुछ दिनों से कारोबार में भी उछाल आया है।
यदि आगे भी बर्फ पड़ती है तो कारोबार में और इजाफ होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि कई सैलानी श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन कर नत्थाटाप की रुख कर रहे हैं।