चिनैनी। जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल की अनदेखी को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। उन्होेंने कहा कि पटनीटाप में आने वाले सैलानी उस समय परेशान होते हैं जब पुराने हाईवे पर टैंकरों की लंबी लाइनें लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया जाता है। इससे सैलानी जाम में परेशान होते हैं और वह पटनीटाप आने के लिए कई बार सोचते हैं। दूसरे हिल स्टेशनों की ओर रुख कर लेते हैं ।
व्यापार मंडल के पूर्व प्रधान राजेश गुप्ता, मेडिकल एसोसिएशन के प्रधान सुरेश गुप्ता, नंद लाल, नंद किशोर, अशोक गुप्ता व अन्य ने कहा कि जम्मू संभाग का विकसित पर्यटन स्थल किसी से कम नहीं है, लेकिन दिक्कत है तो यही कि इसकी अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा कि पटनीटाप जाने वाले मार्ग में घाटी जाने वाले टैंकरों को रोक दिया जाता है। इससे उन वाहनों की लाइनें कई किलोमीटर दूर तक लग जाती है, जिससे जाम लग जाता है। उसमें सैलानी परेशान होते हैं। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों के सैलानी पटनीटाप बर्फ देखने पहुंचते हैं लेकिन उन्हें काफी परेशान होना पड़ता है। उन्होंने सरकार से पटनीटाप की और विशेष ध्यान देने की मांग की।
-----------
गंडोले की सैर से सैलानी हो रहे गदगद
पटनीटाप गंडोला तो लगा है, लेकिन कई सैलानी उसकी सैर कर गदगद हो जाते हैं तो कई उसके दीदार भी नहीं कर पाते क्योंकि सैलानियों को बर्फबारी के दौरान कई तरह की दिक्कतें आती हैं, जिससे वह गंडोला प्वाइंट तक नहीं पहुंच पाते। स्थानीय लोगों ने कहा कि गंडोला सैलानियों की सुविधा के लिए लगाया गया है, लेकिन दिक्कत उस समय आती है जब बर्फबारी में सैलानियों को उधमपुर से ही नही छोड़ा जाता और सैलानी गंडोले से दिखने वाली खूबसूरती से महरूम रह जाते हैं।
उन्होंने कहा कि गंडोला बर्फबारी में भी सैलानियों को पटनीटाप की राह आसान करा देता है। सरकार को चाहिए कि पटनीटाप पर विशेष ध्यान देकर उसे हर सीजन में खुला रखना चाहिए ताकि सैलानी पटनीटाप तक पहुंच पाए। गौरतलब है कि श्री माता वैष्णो देवी दर्शनार्थी जोकि गुलमर्ग में बर्फ व गंडोले का आनंद लेने जाते हैं उन्हें श्री माता वैष्णो देवी से डेढ़ घंटे का सफर कर बर्फबारी व गंडोले की सैर का आनंद मिल सकता है। स्थानीय लोगों ने सरकार से कहा कि जैसे श्रीनगर में बॉलीवुड को लेकर कुछ न कुछ एक्टिविटी चलती है, वैसे ही पटनीटाप की और भी ध्यान देकर यहां पर भी कुछ शूटिंग कराई जाए, जिससे इन स्थलों पर सैलानियों की संख्या बढ़ सकें ।