- भारत-पाक के बीच पनपे तनाव के कारण चार दिन लोगों की उपस्थिति रही प्रभावित, सोमवार को है सरकारी छुट्टी
उधमपुर। पिछले चार दिन तक जारी रहे भारत-पाक तनाव के दौरान कोर्ट परिसर के कामकाज पर भी इसका असर देखने को मिला। अब दो दिनों की छुट्टी के चलते पूरे छह दिन बाद मंगलवार को कोर्ट परिसर में अदालती कार्यवाही से सभी जरूरी गतिविधियां सामान्य रूप से शुरू हो पाएंगी।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद जवाबी कार्रवाई में भारत-पाक के बीच शुरू हुए संघर्ष का असर अदालती व कचहरी से अन्य कामकाज पर भी देखने को मिला। कई मामलों से जुड़ी पेशी, अर्जी, दर्खास्त, चालान आदि से जुड़ी कार्रवाई को लेकर हर रोज सैकड़ों की संख्या में लोग कचहरी पहुंचते हैं। जैसे-जैसे भारत-पाक के बीच तनाव बढ़ता गया, कचहरी में लोगों की उपस्थिति भी कम होने लगी। जिला मुख्यालय स्थित जिला कोर्ट परिसर में अधिकतर दूरदराज व ग्रामीण इलाकों से भी न्याय या अन्य कामकाज के लिए भारी संख्या में लोग आते हैं।
शनिवार तड़के शुरू हुए धमाकों के कारण कोर्ट परिसर में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। साढ़े 11 बजे सायरन बजने पर वकीलों ने कामकाज स्थगित कर दिया। हालांकि शनिवार शाम को सीजफायर की घोषणा कर दी गई। जिसके चलते रविवार को स्थिति सामान्य बनी रही। लेकिन रविवार और सोमवार को सरकारी छुट्टी के चलते अब मंगलवार को पूरे छह दिन बाद अदालत का कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा।
कोर्ट..आम आदमी की सुरक्षा को मद्देनजर यह कदम उठाए गए
शनिवार को सुबह हुए हवाई हमले और सायरन बजने के बाद एहतियात के तौर पर कामकाज स्थगित कर दिया गया था। कोर्ट परिसर में रहने वाली भीड़ और आम आदमी की सुरक्षा को मद्देनजर यह कदम उठाए गए थे। भारत-पाक तनाव के चलते लोगों की उपस्थिति भी प्रभावित हो रही थी। भारतीय सेना की बेहतरीन कार्रवाई की वजह से आज स्थिति सामान्य हो गई है। मंगलवार को कोर्ट परिसर का कामकाज सामान्य रूप से बहाल रहेगा।
-
एडवोकेट सुरेंद्र खजूरिया, प्रधान बार एसोसिएशन उधमपुर।