तोलडी नाला क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत का मामला
उधमपुर। तोलडी नाला क्षेत्र में राजीव कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शनिवार को परिजन ने थाने पहुंचकर हत्या की आशंका जताते हुए गहन जांच की मांग की है। परिजन का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या हो सकती है।
पहली मार्च की सुबह राजीव कुमार (21) का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला था, जिसके बाद पुलिस ने जीएमसी उधमपुर में पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू की थी। अधिकारियों से मिलने पहुंची मृतक की बहन पूजा देवी ने बताया कि जिस कमरे में शव मिला, उसका दरवाजा खुला था। सबसे बड़ी संदिग्ध बात यह है कि राजीव का मोबाइल घटना के तीन दिन बाद नाले से बरामद हुआ।
परिजनों ने सवाल उठाया कि अगर राजीव ने घर में आत्महत्या की थी तो उसका फोन नाले तक कैसे पहुंचा? राजीव के पास आत्महत्या का ठोस कारण नहीं था जबकि घटनास्थल की परिस्थितियां हत्या की ओर इशारा कर रही हैं।