कटड़ा। साप्ताहिक अवकाश के चलते मां वैष्णो देवी की यात्रा में काफी उछाल आया है। शाम छह बजे तक करीब 13 हजार भक्त पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। वहीं, त्रिकुटा भवन पर दोपहर के समय धुंध छाने से हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। केवल सुबह और शाम के समय ही सेवा का लाभ भक्तों को मिला है।
जानकारी के अनुसार धर्मनगरी सहित भवन में दोपहर के समय बादल छाए रहने से हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही है। केवल सुबह और शाम को भी सेवा उपलब्ध रही। वहीं, बैटरी कार और रोपवे सुविधा दिनभर सुचारु रही, जिसका भक्तों ने लाभ उठाया है। उधर, वीकेंड के चलते मां वैष्णो के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की संख्या में काफी उछाल आया है। दिनभर यात्रा मार्ग, धर्मनगरी और भवन मां के जयकारों से गूंज रहा है। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जहां 17077 भक्तों ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई थी वहीं, शनिवार शाम छह बजे तक करीब 13 हजार भक्त दरबार की ओर प्रस्थान कर चुके थे। छट्टी के चलते रविवार को भी भक्तों की संख्या में इजाफा होने की संभावना है।