उधमपुर/जिब। शहर के साथ लगते चक मोड़ इलाके में पुलिस चौकी से कुछ ही मीटर दूर स्थित तीन दुकानों के शटर तोड़ कर चोरों ने हजारों की नकदी और सामान पर साफ किया है। दुकान मालिकों को रविवार सुबह इसकी जानकारी मिली और तीनों ने इसके बारे में पुलिस को बताया। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुकानदारों सहित स्थानीय निवासियों ने पुलिस के प्रति काफी रोष देखने को मिला। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
जिले में शहर के साथ लगते इलाकों में लगातार चोरी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। करीब सप्ताह पहले जिब में मंदिरों को निशाना बनाया गया था। तीन दिन पहले सलमेड़ी इलाके में दो मंदिर और एक दुकान को निशाना बनाया गया था। अब शनिवार देर रात को चक मोड़ इलाके में एक साथ तीन दुकानों को ताले तोड़ हजारों की नकदी और सामान पर हाथ साफ कर गए। चोरों ने शिव पंसैरी, गंडोत्रा जनरल स्टोर और पूर्ण स्वीट शॉप का शटर तोड़ कर वारदात को अंजाम दिया। शिव पंसैरी के मालिक राकेश शर्मा ने बताया कि सुबह खेत पर काम कर रहा था तो किसी ने फोन कर घटना के बारे में सूचित किया। वह जब दुकान पर पहुंचा तो शटर टूटा हुआ देख कर हैरान रह गया। अंदर जाकर देखा तो करीब पांच हजार रुपये की नकद राशि और हजारों रुपये का सामान गायब था।
गंडोत्रा जनरल स्टोर के मालिक ने बताया कि उसकी दुकान से चोर नकद राशि के साथ हजारों रुपये के देसी घी, सिगरेट के पैकेट और चॉकलेट के पैकेट ले गए हैं। पूर्ण स्वीट शाप के मालिक पूर्ण शर्मा ने बताया कि चोरों ने उसकी दुकान से कुछ नकदी के साथ हजारों के सामान पर हाथ साफ किया है। सभी दुकानदारों का कहना था कि कुछ ही मीटर की दूरी पर पुलिस की चौकी है, जहां पर 24 घंटे जवान तैनात रहते हैं। चोरों ने तीन दुकानों के शटर तोड़ दिए, लेकिन इन जवानों को कुछ पता नहीं चला। इससे पहले चोरों ने कई दुकानों को अपना निशाना बनाया है, लेकिन पुलिस आज तक चोरों का कुछ पता नहीं लगा सकी है। आज भी पुलिस ने औपचारिकता के लिए कार्रवाई की है।