उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में सोमवार को तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जिन्हें सभी को घर में आइसोलेट किया गया है। इसके अलावा दो महामारी को मात देने में कामयाब रहे हैं। संक्रमितों के संपर्क में रहने वाले दस लोगों को होम क्वारंटीन करने के साथ ही टेस्ट भी करवाए गए हैं।
जिले में कोरोना के मामलों में गिरावट और ठीक होने वाले लोगों की संख्या में कमी का सिलसिला लगातार जारी है। करीब तीन सप्ताह से जिले में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या 30 से कम है। इससे स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को राहत मिली है। रविवार को जिले में एक भी कोरोना संक्रमण का मामला सामने नहीं आया था। सोमवार को तीन लोग संक्रमित मिले हैं और दो स्वास्थ्य हुए हैं। जानकारी के अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 4239 पहुंच गया है, जिसमें से 4156 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, 57 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। मौजूदा समय में 26 मामले सक्रिय हैं। 19 को होम आइसोलेशन और 14 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।