शहर में कार चोरों का गिरोह सक्रिय हो गया है। शनिवार रात को दो अलग-अलग स्थानों से चोर दो वाहन ले उड़े। इसके अलावा रैंबल इलाके में चोरों ने एक वाहन के पहियों पर हाथ साफ कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने अभी दुकानों और घरों में चोरी के मामले सुलझाए नहीं थे कि अब कार चोरों ने पुलिस को परेशानी में डाल दिया है। नजर मोहम्मद ने बताया कि शनिवार रात को जखैनी इलाके में काली माता मंदिर के नजदीक राजमार्ग के किनारे पर सूमो नंबर जेके14ए-3519 को खड़ा कर एक शादी समारोह में चला गया।
सुबह करीब आठ बजे जब वापस जखैनी में अपना वाहन लेने के लिए पहुंचा तो सूमो गायब थी। इसके बाद उसके आसपास के इलाकों में सूमो की तलाश की, लेकिन कहीं भी वाहन का पता नहीं चला।
नजर मोहम्मद ने बताया कि सूमो में वाहन के कागजात के अलावा बैंक की पासबुक पड़ी हुई थी। जब सूमो का कहीं कोई पता नहीं चला तो पुलिस स्टेशन पहुंच कर शिकायत दर्ज करवाई। वहीं शहर के बाड़या मोहल्ले से चोर बोलेरो नंबर जेके14ए-1010 ले उड़े।
बोलेरो के मालिक चंद्र शेखर ने बताया कि रात को वाहन को पार्क कर घर चला गया और जब सुबह वाहन लेने के लिए पहुंचा तो वह वाहन गायब था। इसकी शिकायत पुलिस स्टेशन में कर दी है।
इसके अलावा रैंबल इलाके में चोर फिगो कार के तीन टायर ले उड़े। कार के मालिक ने इसकी शिकायत रैंबल पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई है। पुलिस ने चोरी के मामले दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।