उधमपुर। शहर में ग्रेफ कार्यालय के नजदीक धार रोड से दिनदहाड़े चोर बाइक लेकर फरार हो गया। यह घटना तब हुई जब बाइक का मालिक बाइक धार रोड के किनारे खड़ी कर अल्ट्रासाउंड सेंटर में गया था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाइक के मालिक दर्शन कुमार ने बताया कि वह अपनी बीमार पत्नी की जांच करवाने के लिए उधमपुर आया था, और अल्ट्रासाउंड सेंटर में कुछ मिनट के लिए गया। वह गलती से चाभी बाइक में ही लगी छोड़ गया था। करीब पांच मिनट बाद जब वह लौटा तो बाइक गायब थी। उसने आसपास देखा तो पता चला कि एक दुकान में सीसीटीवी लगा हुआ है।
उसने सीसीटीवी में फुटेज देखी तो पता चला कि एक टोपी पहना और बैग उठाया व्यक्ति आया। उसने बाइक (जेके08के-1606) के आगे पीछे चक्कर लगाया। जब उसने बाइक में चाबी लगी देखी तो बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। दर्शन ने आसपास बाइक बहुत तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।