13 पदों में से सिर्फ पांच शिक्षक 181 छात्रों की पढ़ाई प्रभावित
उधमपुर। ब्लॉक नरसू पंचायत लद्दा में स्थित सरकारी हाई स्कूल ठेनी धार में शिक्षकों की भारी कमी के कारण छात्रों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्कूल में आवश्यक विषयों के शिक्षक न होने से छात्रों का भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है।
स्कूल में कुल 13 शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन मौजूदा समय में सिर्फ 5 शिक्षक ही कार्यरत हैं, जबकि 8 पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। ऐसे में 181 छात्रों की पढ़ाई सुचारू रूप से कैसे चलेगी, यह एक गंभीर चिंता का विषय है।
स्कूल में साइंस, गणित, इंग्लिश और सोशल साइंस के शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। केवल उर्दू के एक शिक्षक हैं। बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन छात्र बिना शिक्षकों के पढ़ाई करने को मजबूर हैं। स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों के अभिभावकों ने कई बार शिक्षा विभाग से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
पूर्व सरपंच कुलदीप मनहास का कहना है, अगर स्कूल में शिक्षक ही नहीं होंगे, तो बच्चे क्या पढ़ेंगे और परीक्षा में क्या लिखेंगे? यह बहुत ही चिंताजनक स्थिति है।
समस्या जस की तस, अब तक नहीं हुआ समाधान: पूर्व पंच बलवान सिंह, जसवंत सिंह, दर्शन कुमार, जोगिंद्र सिंह, रमेश सिंह सहित कई अभिभावकों ने बताया कि यह समस्या स्कूल के स्थापना काल से बनी हुई है। उन्होंने कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला। अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षा विभाग उनके बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। संवाद
इस स्कूल का डाटा मंगवाकर जांच करेंगे कि स्कूल में कितने स्टाफ की कमी है। विभाग की ओर से प्रयास किया जाएगा कि जल्द से जल्द स्कूल में आ रही शिक्षकों की कमी को दूर किया जाए।
- कमल किशोर बड्याल, सीईओ