बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पुलिस के व्यस्त रहने के कारण चोरों के पौबारह हो गए हैं। एक ही रात में दस दुकानों से लाखों का माल चुरा कर चोरों ने सनसनी फैला दी है।
पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण पंचैरी से लांदर के बीच सत्रह किलोमीटर के क्षेत्र में अलग-अलग दुकानों के ताले तोड़ दिए गए। ज्यादातर दुकानें किराना, मोबाइल, रिचार्ज और मोबाइल पुर्जों की हैं। वारदात उसी थाना क्षेत्र में हुई, जिस क्षेत्र में सद्दल गांव है।
सोमवार की सुबह होते ही पंचैरी पुलिस चौकी में लगातार फोन बजता रहा। एक के बाद एक दुकान में चोरी होने की सूचना दी जाती रही। सूचना मिलने के कारण पुलिस भी सकते में आ गई। पुलिस के अनुसार सुनसान रहने वाले क्षेत्र में हालांकि पहले चोरी की इतनी वारदातें नहीं होती हैं।
पंचैनी पुलिस सद्दल क्षेत्र के राहत कार्यों में व्यस्त है। लोगों के घरों को हुए नुकसान का जायजा लेने आई राजस्व टीम के साथ काम में जुटी है। इसके कारण क्षेत्र में सुरक्षा कर्मियों की कमी और गश्त भी कम हो गई है। चोरों ने इसका लाभ लेकर पंचैनी से लांदर तक रविवार रात को दस दुकानों में सेंध लगा दी।
पुलिस के अनुसार पहाड़ी क्षेत्र के रास्ते अलग-अलग से होते हैं। सद्दल के दूसरी तरफ चोरी की घटना हुई है। एक रात में दस दुकानों में चोरी की घटना की जांच की गई। जांच में पाया गया कि चोरों ने गाड़ी का इस्तेमाल किया है। हर दुकान में चोरी कर उसका सामान गाड़ी में डालते गए। अधिकतर दुकानों के दरवाजे लकड़ी हैं। उसे तोड़ने में आसानी हुई है।
पंचैनी से लांदर की तरफ आने वाले मार्ग पर मौजूद अन्य दुकानों, लोगों व अन्य वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।