बारात से लौट रही एक मेटाडोर ने शनिवार देर रात को जुगानू मोड़ पर एक युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी कुछ देर बाद ही मौत हो गई। गुस्से में कुछ लोगों ने मेटाडोर को पकड़ कर उसमे आग लगा दी।
ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दूसरी तरफ मृतक युवक के घरवालों ने रविवार की सुबह अस्पताल परिसर में हंगामा किया और मेटाडोर चालक पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।
रात बारह बजे के करीब उधमपुर से जुगानू की तरफ गई बारात मेटाडोर से वापस लौट रही थी। सड़क किनारे अजय कुमार निवासी लहरी अपने कुछ दोस्तों के साथ पैदल ही घर की तरफ जा रहा था।
अचानक तेज गति से आ रही मेटाडोर ने उसे कुचल दिया। इस घटना को अजय के दोस्तों ने देखा और आसपास कुछ और दोस्तों को भी बुलाया। सभी ने मेटाडोर का पीछा किया और उसे सलाथिया चौक के पास पकड़ लिया।
उसे फिर वापस जबरन जुगानू ले गए। दूसरी ओर अजय को रात में ही जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुबह अजय के परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। उसके पिता सुरमत चंद ने कहा कि पहले मेटाडोर चालक से बहस हुई थी।
चालक ने शराब पी रखी थी और उसने जानबूझ कर अजय को कुचला है। पुलिस के अनुसार सड़क हादसे और मेटाडोर को आग लगाने के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। हत्या का मामला भी दर्ज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने काफी समय तक अस्पताल में उपद्रव मचाया। एसपी मोहन लाल कैथ और अन्य पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर शव को अभिभावक साथ ले गए।