पंचैरी में एक ही रात को दस दुकानों के चोरी के मामले में पुलिस द्वारा किसी तरह की कार्रवाई नहीं किए जाने पर भड़के दुकानदारों व ग्रामीणों ने शुक्रवार को पंचैरी पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन व नारेबाजी की।
लटियार इलाके में प्रदर्शन के दौरान रतन सिंह, देस राज, कपूर चलोत्रा, धर्म सिंह, पवन कुमार, सुभाष चंद्र व अन्य कई दुकानदारों ने बताया कि करीब दस दिन पहले एक ही रात में चोरों ने दस दुकानों के ताले तोड़ कर हजारों की नकदी व सामान पर हाथ साफ किया था।
पंचैरी पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की। कुछ दिन पहले सभी पुलिस स्टेशन पंचैरी पहुंचे तो एसएचओ ने बताया कि उधमपुर पुलिस स्टेशन में चोरों को सामान के साथ पकड़ लिया गया है। सभी दुकानदार सामान शिनाख्त के लिए उधमपुर जाएं। जब सभी उधमपुर पहुंचे तो किसी भी पुलिस अधिकारी ने उनकी बात को नहीं सुना।
दिन भर सभी पुलिस स्टेशन के बाहर बैठे रहे। निराश होकर सभी वापस पंचैरी लौट आए। उनकी मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द चोरों को पकड़ कर सामान बरामद करे। अगर दो दिन के अंदर चोर नहीं पकड़े गए तो सभी शहर पहुंच कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।