उधमपुर/रामनगर। रामनगर तहसील के कघोट इलाके में दिन प्रतिदिन बढ़ रही पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने बुधवार को जलशक्ति विभाग का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कई महीनों से उनको जरूरत अनुसार पानी की सप्लाई नहीं मिली है। अगर एक सप्ताह के अंदर पानी की सप्लाई में सुधार नहीं किया तो सभी रामनगर-उधमपुर मार्ग को बंद कर प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।
दोपहर के समय जम्मू- कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के नेता दर्शन कुमार उर्फ (मुन्ना) व समाज सेवक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने जलशक्ति विभाग का पुतला फूंक कर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कई महीनों से कघोट इलाके में जलशक्ति विभाग ने जरूरत अनुसार पानी की सप्लाई नहीं दी है। उनको सप्ताह में एक या फिर दो दिन ही पानी की सप्लाई मिल रही है। बाकी के दिन उनको पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।
करीब दो किलोमीटर बावली से पानी भर कर लाने को मजबूर हे। महिलाओं का पूरा दिन पानी का इंतजाम करने में ही गुजर रहा है। पानी न मिलने के कारण ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों के लिए मवेशियों के लिए पानी का इंतजाम करना भी मुश्किल हो गया है। मवेशियों को पानी पिलाने के लिए तो कई किलोमीटर का सफर तय कर नाले पर जाना पड़ रहा है। कई बार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी परेशानी को जलशक्ति विभाग के अधिकारियों के सामने रख चुके हैं, लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया है। सभी ने केवल झूठे आश्वासन दिए हैं।
विभाग की तरफ से खराब हैंडपंप को भी ठीक नहीं करवाया जा रहा है। अगर सप्ताह के अंदर पानी की सप्लाई में सुधार नहीं किया तो आने वाले दिनों में सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।