उधमपुर। जिले में वैक्सीन की किल्लत की समस्या बढ़ती जा रही है। इसी के चलते शनिवार को जिला अस्पताल में बनाए गए सेंटर को दिन भर बंद रखना पड़ा। इसके साथ ही शाम तक पंचैरी, मजालता और टिकरी मेडिकल ब्लाक में वैक्सीन खत्म हो गई थी और नए स्टाक के पहुंचने का इंतजार था। अगर नया स्टाक नहीं पहुंचता है तो रविवार को इन सेंटर को भी बंद रखना पड़ेगा।
पिछले कुछ दिनों से जिले में लगातार वैक्सीन की कमी सामने आ रही है और इससे लोगों को बहुत ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में तो हर दूसरे या फिर तीसरे दिन वैक्सीन खत्म हो रही है और वैक्सीन न लगने के कारण लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। जिला अस्पताल के सेंटर में शुक्रवार दोपहर को ही वैक्सीन खत्म हो गई थी। शहरवासियों को उम्मीद थी शाम तक नया स्टाक पहुंच जाएगा और शनिवार को वैक्सीन लग जाएगी, लेकिन नया स्टाक नहीं पहुंचा और दिन भर सेंटर को बंद रखा गया।
वैक्सीन लगवाने के लिए कुछ लोग पहुंचे और निराश होकर वापस लौट गए। शाम तक जिले में कुल 1820 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। 18 से 44 आयु वर्ग में 527 लोगों को पहली और 949 को दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 30 लोगों को पहली और 279 लोगों को दूसरी, नौ वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 26 को दूसरी डोज लगाई गई है। स्वास्थ्य विभाग के पास शाम तक 640 डोज बची थी और विभाग को नए स्टाक के पहुंचने का इंतजार था।