डीसी रामबन ने लोगों की समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामबन। उपायुक्त रामबन मोहम्मद इलियास खान को बनिहाल ब्लॉक के क्रवाह क्षेत्र में जन भागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले अभियान के तहत आयोजित जनसुनवाई शिविर की अध्यक्षता की। इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय समुदायों के बीच जागरूकता फैलाना तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन रामबन द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर एडीसी रामबन पीओ आईसीडीएस, एसडीएम बनिहाल, एसीडी तथा सीपीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने प्रशासन के समक्ष विभिन्न जन समस्याएं और विकास संबंधी मांगें रखीं। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन दूरदराज़ और जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कब्रिस्तान की घेराबंदी के मुद्दे पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। सड़क संपर्क और ओवरहेड पुलों से जुड़ी मांगों पर उन्होंने निर्माण एजेंसियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने को कहा। लेबर कार्ड से संबंधित समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने सहायक श्रम आयुक्त को अगले सोमवार क्षेत्र में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने उन्होंने सड़क संपर्क, खेल मैदान और पार्क के विकास, वृद्धावस्था पेंशन, सामुदायिक ढांचे, आंगनवाड़ी केंद्र की स्थापना तथा पेयजल आपूर्ति से जुड़ी मांगों की भी समीक्षा की। पानी की समस्या के समाधान के संबंध में उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि फिलहाल टैंकर सेवा जारी रहेगी तथा आने वाले कुछ हफ्तों में जलापूर्ति व्यवस्था को बहाल और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।