संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। धर्मनगरी में सार्वजनिक आउटरीच कार्यक्रम के एक भाग के रूप में थाना दिवस का आयोजन किया गया। एडिशनल एसपी विपन चंद्रन कटड़ा के साथ एसडीपीओ डॉ. भीष्म दुबे और एसएचओ कटड़ा इंस्पेक्टर ख्यातिमान खजूरिया ने गांव सेरवड़ व अन्य स्थानों पर जनता की समस्याएं सुनीं और उनका निपटारा किया।
लोगों ने सार्वजनिक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर प्रकाश डाला और उन्हें आश्वासन दिया गया कि पुलिस से संबंधित उनकी वास्तविक शिकायतों को प्राथमिकता पर हल किया जाएगा। नागरिक प्रशासन की शिकायतों को उनके शीघ्र निवारण के लिए संबंधित विभागों के साथ उठाया जाएगा। अधिकारियों ने दोहराया कि पुलिस की दक्षता बढ़ाने और लोगों में विश्वास विकसित करने के लिए जिले में जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को नया रूप दिया जाएगा।
इस दौरान नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी गई। वहीं, नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि जनता का विश्वास बढ़ाने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग आवश्यक है जो अपराध और सामाजिक बुराइयों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अन्य सामाजिक मुद्दों पर अंकुश लगाने की आवश्यकता पर बल देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बल की गरिमा को बनाए रखते हुए मिशनरी भावना से समाज की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
पुलिस-पब्लिक संबंधों को और मजबूत करने और जमीनी स्तर पर शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिले के हर नुक्कड़ और कोने में नियमित रूप से ऐसी बैठकें आयोजित करने की बात कही गई।