उधमपुर। पिछले कुछ दिनों तक मौसम के साफ बने रहने के बाद बीते दो दिन से मौसम के मिजाज बिगड़ा हुआ है। इस कारण शनिवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे तापमान में काफी गिरावट आई। इससे ठंड का असर बढ़ने से लोगों को दिनभर गर्म कपडे़ पहनने के लिए मजबूर होना पड़ा है। इसके अलावा कई इलाकों में जलभराव होने और बिजली गुल रहने से लोगों का परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
हालांकि सुबह की शुरूआत हल्की बूंदाबांदी से हुई। 10 बजे के बाद आधे घंटे तक हल्की बारिश हुई और ठंडी हवाएं चलना शुरू हो गईं। 12 बजे के करीब दोबारा से बारिश शुरू हुई, जो शाम 5 बजे तक रुक-रुक कर जारी रही। इस बीच नगरवासियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। दोमेल चौक, एसएच रोड आदि स्थानों पर सडकों पर जलभराव की समस्या भी सामने आई। इससे दोपहिया वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा कई शहरी व ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित रही। कहीं बिल्कुल ही बिजली गुल रही, तो कहीं दिनभर बिजली की आंख मिचौनी से परेशानी उठानी पड़ी। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 22.4 और न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधमपुर स्थित एयरफोर्स के मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा।