उधमपुर। प्रदेश में शिक्षकों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए रविवार को जम्मू-कश्मीर टीचर मास्टर एसोसिएशन ने महत्वपूर्ण बैठक की। यूटी अध्यक्ष राकेश सिंह ने शिक्षा मंत्री सकीना से शिक्षकों एवं मास्टर्स की लेक्चरर पदों पर पदोन्नति के लिए लंबित विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि डीपीसी में देरी के कारण पात्र शिक्षकों में ठहराव और निराशा की भावना बढ़ रही है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव वरिष्ठ माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। उन्होंने पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पदोन्नति आदेश जारी करने पर जोर दिया।
शिक्षा मंत्री द्वारा राजनीतिक विज्ञान और डोगरी विषय के लेक्चरर पदों के लिए डीपीसी जारी करने के निर्णय का स्वागत किया गया। वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में लंबित विज्ञान विषय को शुरू करने की मांग दोहराई।
यूटी उपाध्यक्ष विक्रम गुप्ता ने मास्टर्स ग्रेड पदों की कुल कैडर संख्या बढ़ाने व एसएसए हेड टीचर के पदों को नियमित करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे प्रशासनिक ढांचे को मजबूती मिलेगी, पदोन्नति के अवसर बढ़ेंगे और शैक्षणिक व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी। यूटी अध्यक्ष ने दोहराया कि संगठन शिक्षकों और मास्टर्स के अधिकारों एवं पेशेवर उन्नति की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। यहां यूटी महासचिव विवेक गुप्ता मौजूद रहे।