- मैच शुरू होने से पहले मांगी थी मनोकामना, भारत में रहने पर कटड़ा प्रीमियर लीग में खेलने की जताई इच्छा
कटड़ा। भारतीय क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ी अभिषेक शर्मा ने टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद धर्मनगरी पहुंचकर माता वैष्णो देवी के चरणों में माथा टेका। बताया जा रहा है कि अभिषेक शर्मा जम्मू से सीधे कटड़ा पहुंचे, जहां स्थानीय क्रिकेटर गणेश और प्रशंसकों उनका इंतजार कर रहे थे।
अभिषेक शर्मा ने बताया कि वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले भी उन्होंने माता के दरबार में हाजिरी लगाई थी और भारत की जीत के लिए प्रार्थना की थी। उस वक्त मनोकामना मांगी थी कि यदि भारत विश्व कप जीतता है तो वह दोबारा दर्शन के लिए आएंगे। इसी मन्नत को पूरा करने के लिए उन्होंने भवन पहुंचकर पवित्र पिंडियों के समक्ष शीश नवाया और आशीर्वाद लिया।
शर्मा का कटड़ा से गहरा और पुराना जुड़ाव रहा है। वह पूर्व में यहां आयोजित होने वाली कटड़ा प्रीमियर लीग में भी हिस्सा ले चुके हैं और मैदान पर जौहर दिखा चुके हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने प्रशंसकों को आश्वस्त किया कि यदि वह आगामी समय में भारत में उपलब्ध रहे तो कटड़ा प्रीमियर लीग के पांचवें संस्करण में खेलने के लिए जरूर आएंगे।
भविष्य में भी आएंगे दरबार
अभिषेक शर्मा इससे पहले भी कई बार परिवार के साथ माता के दरबार आ चुके हैं। दर्शन के बाद घर के लिए रवाना होते हुए उन्होंने कहा कि माता वैष्णो देवी के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा है और भविष्य में भी वह आशीर्वाद लेने के लिए कटड़ा आते रहेंगे।