रामनगर। नगर पालिका ने स्वच्छता नियमों का बार-बार उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालय को बंद कर दिया है। संचालन एजेंसी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
नगर पालिका की कार्रवाई से स्वच्छता व्यवस्था पर तो लगाम लगी है लेकिन विकल्प न होने के कारण आम जनता को भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका के अनुसार संबंधित एजेंसी यूरिनल के दूषित पानी को खुले में बहा रही थी, जिससे क्षेत्र में गंदगी और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ था। इस संबंध में एजेंसी को 10 दिन पहले कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। बस स्टैंड और मुख्य बाजार के समीप होने के कारण शौचालय का उपयोग प्रतिदिन सैकड़ों लोग करते हैं। बंद होने से स्थानीय दुकानदार राकेश कुमार, सुरेंद्र गुप्ता और बोध राज समेत अन्य लोगों ने रोष व्यक्त किया है।
उन्होंने बताया कि शौचालय पर ताला लटकने से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और यात्रियों को हो रही है। लोगों ने मांग की है कि व्यवस्था दुरुस्त कर इन्हें जल्द खोला जाए।