रौन दोमेले पुलिस चौकी के अंतर्गत पड़ते रिट्टी इलाके में बुधवार देर रात को संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से युवती की मौत हो गई। हालांकि परिवार के सदस्यों का कहना है कि दवाई का ओवर डोज लेने से युवती की मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब ग्यारह बजे संदिग्ध परिस्थितियों में सुषमा (25) ने अपने घर में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी मिली।
उसे फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत में सुधार नहीं होने पर डाक्टरों ने युवती को जीएमसी रेफर कर दिया। जीएमसी पहुंचने से पहले ही युवती ने रास्तें में दम तोड़ दिया। वीरवार की सुबह युवती के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में करवाकर पुलिस ने शव को परिवार के हवाले कर दिया।
परिवार के सदस्यों ने युवती के जहर खाने से इनकार किया है। सदस्यों का कहना है कि युवती की मौत दवाई के ओवर डोज से हुई है।