उधमपुर। जम्मू-कश्मीर शिक्षा बोर्ड की तरफ से वार्षिक परीक्षा अप्रैल से शुरू करने के विरोध में विद्यार्थी सड़कों पर उतर आए हैं। बुधवार को ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल उधमपुर के 12वीं के छात्रों ने पुराने राजमार्ग को बंद कर आवाज बुलंद की। वहीं, अप्रैल में परीक्षा को स्थगित कर नई तारीख के तहत परीक्षा ऑफ लाइन करवाने की मांग उठाई गई।
अजय देव सिंह के नेतृत्व में छात्रों ने दोपहर 12 बजे स्कूल से रैली निकाली और एमएच चौक इलाके में पुराने राजमार्ग को बंद कर शिक्षा बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान अजय देव सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड की तरफ से परीक्षा की तारीखों का एलान कर दिया गया है। परीक्षा अप्रैल में ऑनलाइन होगी। करीब छह माह तक उनको ऑनलाइन पढ़ाया गया है। 2जी नेटवर्क में ऑनलाइन पढ़ाई करवाई गई। कई छात्र ऐसे भी हैं, जिनके पास फोन नहीं हैं और वह पढ़ाई नहीं पाए। इस कारण वह परीक्षा के लिए तैयार नहीं हैं। इसके बारे में बोर्ड की तरफ से कुछ नहीं सोचा गया।
सबसे बड़ी बात यह है कि ऑनलाइन पढ़ाई कर किसी तरह से भी बोर्ड की परीक्षा नहीं दे सकते हैं। मांग है कि अब स्कूल खुले हैं तो उनका पाठ्यक्रम पूरा करवाया गया। अप्रैल में परीक्षा को स्थगित कर नई तारीख का एलान करने के साथ ही ऑफलाइन आयोजन करना चाहिए। 12वीं की परीक्षा छात्र के करियर में बहुत महत्व रखती है। इसी के आधार पर कॉलेज स्तर पर दाखिला मिलता है। सरकारी नौकरी में भी 12वीं में हासिल किए अंक सबसे ज्यादा मायने रखते हैं। इसलिए 12वीं की परीक्षा को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। इसी को लेकर विद्यार्थी सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। अगर बोर्ड ने जल्द परीक्षा को स्थगित कर मांग को पूरा नहीं किया तो आने वाले दिनों में बोर्ड कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।