उधमपुर। ट्रैफिक पुलिस की तरफ से ओवरलोडिंग को लेकर की गई सख्ती के बाद यात्री वाहनों के चालकों ने स्कूली छात्र व छात्राओं को यात्री वाहनों में बिठाना बंद कर दिया। इसके कारण छात्र व छात्राएं समय पर स्कूलों में नहीं पहुंच पा रहे हैं। सोमवार को छात्रों ने अपनी परेशानी को पैंथर्स पार्टी के राज्य प्रधान व पूर्व विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया के सामने रखा।
छात्रों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से यात्री वाहनों में उनकेे बिठाया नहीं जा रहा है। जब यात्री उनके इलाके में पहुंचता है तो उसको रोकने लिए हाथ हिलाते हैं, लेकिन चालक बिना रोके वाहन को लेकर निकल जाता है। पहले उनको वाहन में बैठने के लिए स्थान नहीं मिलता था तो वह खड़े होकर आधा किराया देकर आराम से स्कूल पहुंच जाते थे, लेकिन अब उनके लिए वाहन को रोका ही नहीं जा रहा है। जब चालकों से न रोकने का कारण पूछा जाता है तो उनका कहना होता है कि उनको पकड़ कर ओवर लोडिंग के चालान काटे जा रहे हैं। अगर वह छात्र व छात्राओं को गाड़ी में बिठाते हैं तो सीट पर छात्र व छात्राओं को बिठाने पर और आधा किराया लेने पर उनको बहुत नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि इसी कारण हर रोज देरी से स्कूल पहुंच रहे हैं। आज तो देरी से पहुंचने पर स्कूल के शिक्षकों ने उनको अंदर नहीं आने दिया। छात्रों ने मांग की कि अगर इस तरह की परेशानी हो रही है तो यातायात विभाग को यात्री वाहनों की संख्या बढ़ा कर परेशानी को दूर करना चाहिए। बलवंत सिंह मनकोटिया ने छात्रों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।