हिमकोटी मार्ग पर पहाड़ से गिरे कीचड़ व कंकड़ को साफ करते बोर्ड कर्मी
- मां वैष्णो देवी की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को दूसरे मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। मां वैष्णो देवी यात्रा वाले बैटरी कार मार्ग के हिमकोटी क्षेत्र में बारिश के कारण पत्थर गिरने से श्राइन बोर्ड ने शुक्रवार देर रात करीब दो बजे मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बंद कर दी गई। शनिवार सुबह मार्ग फिर से बहाल कर दिया गया।
हिमकोटी मार्ग बंद होने के कारण रात को मां के भवन की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालु केवल पारंपरिक मार्ग का ही इस्तेमाल करते नजर आए। शनिवार सुबह इस महत्वपूर्ण मार्ग से पत्थर और कीचड़ हटाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। श्राइन बोर्ड के सफाई कर्मचारी काफी देर तक काम में जुटे रहे। मार्ग को पूरी तरह से साफ करने के बाद श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने इसका निरीक्षण किया। इसके उपरांत सुबह करीब नौ बजे मार्ग पर आवाजाही बहाल कर दी गई।
शनिवार को दिन भर त्रिकुटा पर्वत पर घने बादलों का जमघट लगा रहा। बीच-बीच में हल्की बारिश भी होती रही। कई जगहों पर श्राइन बोर्ड के सफाई कर्मचारी मार्ग को साफ करते नजर आए। खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालु लगातार यात्रा कर रहे हैं। सभी मार्गों पर आपदा प्रबंधन दल के साथ श्राइन बोर्ड, पुलिस व सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान जगह-जगह तैनात हैं। श्रद्धालुओं को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं कि वह पूरी सावधानी के साथ यात्रा करें।