- नारदा से धरमथल को जोड़ने वाले तवी पुल से कई पंचायतें होगी लाभन्वित
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। लोक निर्माण विभाग की ओर से चिनैनी के नारदा और धरमथल को जोड़ने के लिए तवी नदी पर पुल का निर्माण किया जा रहा है जो अगले माह बनकर तैयार हो जाएगा, करीब 75 मीटर लंबे स्टील गार्डन ब्रिज का कार्य किया जा रहा है जिससे कई पंचायत लाभन्वित होंगी।
जानकारी के मुताबिक पिछले वर्ष पुल निर्माण कार्य शुरू किया गया था जो चिनैनी के धरमथल, नारदा, सयुना, चड़त, टंडार, समरोली, कित्थर, चिरड़ी, घंटवाल तथा अन्य पंचायत के ग्रामीणों के लिए लाभकारी होगा। क्योंकि मौजूदा समय में ग्रामीण तवी नदी को पार कर आवाजाही करते थे, जिस कारण कई बार तवी नदी में हादसे भी घट चुके हैं।
स्थानीय लोगों की ओर से कई बार पुल बनाने की मांग उठाई गई। इसके बाद नारदा से धरमथल के लिए पुल बनाने का कार्य शुरू किया गया। गौरतलब है कि हर रोज अलग-अलग पंचायत के करीब दो हजार से ज्यादा लोग तवी नदी से गुजरकर इधर-उधर जाते हैं। इस दौरान पानी का बहाव तेज होने के कारण कई बार हादसे का भी डर रहता है। बता दें कि 75 मीटर लंबा स्टील गार्डन पुल का निर्माण करीब 158 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है।
इसका कार्य अगले माह पूरा होने की उम्मीद है। बताया गया है कि पुल का कार्य करीब 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन सुरेश भारती ने कहा कि पुल का निर्माण कार्य जारी है और अगले माह पुल का कार्य पूरा हो जाएगा ।